December 13, 2025
भगवंत मान

पंजाब समाचार: मानसून से पहले सक्रिय हुए सीएम भगवंत मान, बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया

मानसून से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने मूनक के मकरोड़ साहिब गांव में घग्गर दरिया का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंजाब सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार हैं। सीएम मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

HIGHLIGHTS

  1. मानसून से पहले एक्शन में मुख्यमंत्री भगवंत मान
  2. भगवंत मान ने बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों का लिया जायजा

जागरण संवाददाता, संगरूर। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को मूनक के मकरोड़ साहिब गांव में घग्गर दरिया का निरीक्षण किया और मानसून से पहले बाढ़ से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों का आकलन किया। उन्होंने आसपास के किसानों और ग्रामीणों से भी बातचीत की।

किसी भी स्थिती से निपटने के लिए सरकार तैयार- सीएम मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की कि क्षेत्र के निवासियों को बाढ़ की स्थिति में पानी को रोकने के लिए किनारों पर लगाने हेतु लगभग ढाई लाख खाली थैले प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को कोई असुविधा न हो और सभी आवश्यक संसाधन और सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सुरक्षा और भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घग्गर के किनारों की वास्तविक स्थिति के बारे में स्थानीय लोगों को सबसे अच्छी जानकारी होती है, क्योंकि उन्हें पता होता है कि किन स्थानों पर किनारों में दरार पड़ने की संभावना अधिक रहती है। इसलिए, लोगों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पंजाब सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार हैं।

मानसून से पहले हो रही ये तैयारी

सरकार घग्गर नदी की मार से लोगों को बचाने के लिए ठोस प्रबंध करने में जुट गई है। दरिया की सफाई के साथ-साथ उसके किनारों को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि बाढ़ की स्थिति में पानी का बहाव नियंत्रित रखा जा सके। इसके अलावा, कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जा रहे हैं ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों को भी बाढ़ प्रबंधन में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि मिलकर इस चुनौती का सामना किया जा सके।

खनौरी से मकरोड़ साहिब तक घग्गर दरिया को चौड़ा करने का काम पूरा हो चुका है। हालांकि, मकरोड़ साहिब से कडैल तक के किनारे अभी भी कच्चे हैं। मानसून के दौरान पानी का तेज बहाव होने से इन कच्चे किनारों के टूटने की संभावना रहती है, जिससे आसपास के इलाकों में काफी नुकसान हो सकता है|