September 11, 2026
गुवाहाटी

गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के बाद फ्रिज में रखा सिर, पुलिस ने किया फ्रिज जब्त

असम के गुवाहाटी से सामने आया रिया तालुकदार गोस्वामी हत्याकांड लगातार गंभीर मोड़ ले रहा है। 25 वर्षीय रिया की हत्या के मामले में पुलिस ने अब उस फ्रिज को भी जब्त कर लिया है, जिसमें आरोपी पति रामानुज गोस्वामी ने कथित तौर पर पत्नी का कटा हुआ सिर रखा था। पुलिस ने यह कार्रवाई क्राइम सीन रीक्रिएशन के बाद की। इस दौरान आरोपी को उसके फ्लैट पर ले जाकर घटना के कथित क्रम को दोबारा समझने की कोशिश की गई।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ क्राइम सीन रीक्रिएशन

पुलिस के मुताबिक, रामानुज को बुधवार को गुवाहाटी के बसिष्ठापुर स्थित उसके फ्लैट पर ले जाया गया। यहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया। पुलिस ने आरोपी से घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं के बारे में जानकारी ली और पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग भी की।

क्राइम सीन रीक्रिएशन पूरा होने के बाद पुलिस ने फ्लैट में मौजूद फ्रिज को जब्त कर लिया। जांच एजेंसियां अब इस फ्रिज समेत अन्य सामान को सबूत के तौर पर जांच का हिस्सा बना रही हैं।

गुवाहाटी क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, रिया और रामानुज के बीच अक्सर विवाद होता था। शुरुआती जांच में कथित तौर पर पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इसी पहलू को हत्या के संभावित कारणों में से एक मानकर जांच कर रही है।

आरोप है कि 3 सितंबर को दोनों के बीच विवाद के बाद रामानुज ने धारदार हथियार से रिया पर हमला किया। इसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस को रिया का कटा हुआ सिर काले पॉलीथीन में लिपटा हुआ फ्रिज के अंदर मिला था। घर में खून के निशान और सामान बिखरा हुआ भी मिला था।

पहले भी बरामद हो चुके हैं कई अहम सबूत

इस मामले की जांच में पुलिस पहले ही कथित हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर चुकी है। इसके अलावा फ्लैट से शराब की कई बोतलें भी मिली थीं। पुलिस अब इन सभी चीजों को फोरेंसिक जांच का हिस्सा बना रही है।

जांचकर्ताओं का उद्देश्य यह पता लगाना है कि हत्या से पहले दोनों के बीच वास्तव में क्या हुआ था और वारदात के बाद आरोपी ने क्या-क्या किया। पुलिस यह भी जांच रही है कि घटना के पीछे केवल घरेलू विवाद था या इसके अलावा कोई अन्य वजह भी थी।

आरोपी ने किया सरेंडर

हत्या के बाद रामानुज ने 6 सितंबर को पुलिस के सामने सरेंडर किया था। इसके बाद अदालत के आदेश पर उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। रामानुज पेशे से कैब ड्राइवर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसकी और रिया की शादी पिछले साल 22 सितंबर को हुई थी। यानी दोनों की शादी को अभी करीब एक साल भी पूरा नहीं हुआ था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की और मीडिया से बातचीत में भी अपने किए पर पछतावा नहीं होने की बात कही। उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी के एक व्यक्ति से संबंध का आरोप लगाया और जेल से बाहर आने पर उसे निशाना बनाने की धमकी भी दी। पुलिस उसके इन बयानों की भी जांच कर रही है।

गुवाहाटी नशे की लत के पहलू की भी जांच

जांच में रामानुज के कथित नशे की लत से जुड़ा पहलू भी सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, वह कई बार नशा मुक्ति केंद्र जा चुका था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के समय वह किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में था या नहीं।

मेडिकल जांच भी कराई गई है। हालांकि, उसकी स्वास्थ्य संबंधी किसी स्थिति को हत्या का कारण मानने से पहले पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस जुटा रही है हर सबूत

फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। क्राइम सीन रीक्रिएशन, फ्रिज की जब्ती, धारदार हथियार की बरामदगी और फोरेंसिक जांच के जरिए पुलिस घटना की पूरी तस्वीर सामने लाने की कोशिश कर रही है।

इस मामले में पत्नी के कथित संबंध, घरेलू विवाद और आरोपी के व्यवहार समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में रामानुज से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में तस्वीर और साफ हो सकेगी।

Exit mobile version